
अल्मोड़ा। 16 सितंबर से शुरू होने वाले ऐतिहासिक नंदा देवी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने नंदा देवी मंदिर पहुंचकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और व्यवस्थाओं में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सीडीओ ने मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने के साथ भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने तथा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नंदा देवी मेला अल्मोड़ा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में मेले का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नंदा देवी मेला समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



