
अल्मोड़ा। मां नंदादेवी मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने ऐतिहासिक मां नंदादेवी मेले के आयोजन में सहयोग राशि प्रदान करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी और नगर निगम मेयर अजय वर्मा का आभार जताया है। उन्होंने बताया कि विधायक मनोज तिवारी ने मेले के आयोजन के लिए दो लाख रुपये और नगर निगम मेयर ने एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की है। मनोज वर्मा ने कहा कि नंदादेवी मेला अल्मोड़ा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। मेले के सफल आयोजन में जनप्रतिनिधियों और सरकार की ओर से मिल रहा सहयोग समिति के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मेले के उद्घाटन अवसर पर सांसद अजय टम्टा ने मंच से जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से विगत वर्षों की सहयोग राशि सहित इस वर्ष कुल साढ़े सात लाख रुपये की सहयोग राशि मंदिर समिति को प्रदान करने की घोषणा की गई है। इसके लिए समिति ने मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। मनोज वर्मा ने कहा कि मां नंदादेवी और मां सुनंदा के आशीर्वाद से मेला शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न हो, यही सभी की कामना है। उन्होंने श्रद्धालुओं और नगरवासियों को नंदाष्टमी की शुभकामनाएं दीं। मंदिर समिति एवं मेला समिति ने मेले के आयोजन में सहयोग के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और श्रद्धालुओं का भी आभार जताया।

