
ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के किरमोला घाट पर नहाते समय गुरुग्राम के तीन युवक डूबने लगे। जिसमें दो युवकों को बचा लिया गया, जबकि एक पानी में लापता हो गया। उसकी तलाश में देर शाम तक नदी में सर्च आपरेशन चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। डूबने से बचाए युवकों को पुलिस ने ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया है। लक्ष्मणझूला थाना पुलिस के मुताबिक रविवार को कुम्मावास, विलासपुर, गुरुग्राम, हरियाणा के तीन दोस्त घूमने के लिए लक्ष्मणझूला आए थे। दोपहर में भ्रमण के दौरान तीनों किरमोला घाट पर पहुंचे और गर्मी का अहसास होने पर नहाने के लिए गंगा में उतर गए। इस दौरान रूपेश (19) पुत्र राजू नहाते समय पानी के तेज बहाव में डूबने लगा। दोस्त पारस (19 ) पुत्र भरत सिंह और संदीप पुत्र रामानंद ने पानी के तेज बहाव से उसे निकालने का भरकस प्रयास किया। इस दौरान उनकी चीख पुकार सुनकर जलपुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। आपदा उपकरण के साथ उन्होंने गंगा में छलांग लगायी। राहत बचाव कर रूपेश और संदीप को पानी से सुरक्षित बाहर ले आए, लेकिन पारस गहरे पानी में ओझल हो गया। बचाए गए युवकों को एंबुलेस की मदद से पुलिस ने ऋषिकेश एम्स अस्पताल में भर्ती कराया। लक्ष्मणझूला थाना निरीक्षक प्रमोद उनियाल ने गंगा में डूबा युवक पारस बीए का स्टूडेंड हैं। परिजनों को सूचित कर दिया है। पानी में लापता युवक की तलाश को रेस्क्यू किया गया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया।

