
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में नगर निगम कर्मचारी बनकर एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सोने के कुंडल, अंगूठी, मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार गढ़वाली कॉलोनी निवासी गीता काला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी माता भुवनेश्वरी देवी घर पर अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर घर में घुस गए। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की, उन्हें बंधक बनाया और सोने के कुंडल, अंगूठी, मोबाइल फोन तथा तीन हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर रायपुर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों की पहचान कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
मुखबिर की सूचना पर सोमवार को पुलिस ने सीक्यूआई जंगल, रायपुर क्षेत्र से सागर सिंह रावत और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों प्लंबर का काम करते हैं और नशे के आदी हैं। मुख्य आरोपी सागर पीड़िता के मोहल्ले में ही रहता था और उसे जानकारी थी कि बुजुर्ग महिला अक्सर घर पर अकेली रहती हैं। इसी का फायदा उठाकर दोनों ने नगर निगम कर्मचारी बनकर घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी लूटे गए सामान को बेचने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में रायपुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
