
देहरादून(आरएनएस)। रायपुर इलाके में एक कीमती जमीन को मुंबई की रहने वाली एक महिला ने मालकिन बताकर धोखे से दूसरों को बेच दिया। जांच में फर्जीवाड़ा सही पाए जाने पर अब रायपुर थाने में आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नेहरूग्राम, रायपुर निवासी आदेश कुमार यादव ने मामले की तहरीर दी। उनका कहना है कि मौजा रायपुर में उनकी 0.935 हेक्टेयर जमीन है। आरोप है कि मुंबई के जहांगीर मेंशन, गोरेगांव की रहने वाली संगीता कुमारी ने खुद को देहरादून के नेहरूग्राम का निवासी बताया। इसके बाद 22 जून 2012 को इस जमीन की फर्जी मालकिन बनकर इसे हल्द्वानी निवासी पुष्पेन्द्र सिंह और टिहरी गढ़वाल निवासी विकास भट्ट को बेच दिया। इस पूरी डील में मुंबई के ही एक व्यक्ति ने एजेंट की भूमिका निभाई, जबकि दून के दो लोगों ने गवाही दी। जमीन के असली मालिक आदेश कुमार को जब अपने साथ हुए इस बड़े धोखे का पता चला तो उन्होंने 28 नवंबर 2024 को जिलाधिकारी कार्यालय के जन शिकायत निवारण में गुहार लगाई। इसके बाद सहायक महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय ने मामले की जांच की। 10 जनवरी 2025 को आई जांच रिपोर्ट में साफ हो गया कि रजिस्ट्री फर्जी दस्तावेजों के आधार पर की गई है। रिपोर्ट में जालसाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। रजिस्ट्रार कार्यालय की रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। एसओ संजीत कुमार ने बताया कि संगीता कुमारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है और इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांचेगी।

