
नैनीताल। मुक्तेश्वर घूमकर लौट रहे फरीदाबाद के पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर शुक्रवार दोपहर रामगढ़-सतबुंगा मोटर मार्ग पर दुत्कानेधार के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए भवाली और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार फरीदाबाद से 22 दोस्तों का समूह पर्यटन के लिए मुक्तेश्वर आया था। वापस लौटते समय दुत्कानेधार के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव दल ने ह्यूमन चेन बनाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक सूचना के अनुसार एक यात्री वाहन के नीचे दब गया था, जिसे निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर UP14 QT 9690 बताया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर सीओ भवाली रविकांत सेमवाल सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी में जुटे रहे।

