
चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने के बाद चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान में अब तक 22 में से 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। तीन लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन के अनुसार घटना में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने घटनास्थल पर डेरा डालते हुए पूरी रात रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की करीब तीन किलोमीटर लंबी टीआरटी टनल के लगभग 1.5 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के चलते मलबा और पानी भरने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद राहत कार्य में शामिल होने के लिए टनल के भीतर गए छह बचावकर्मी भी सुरक्षित बाहर आ गए हैं।
रेस्क्यू किए गए घायलों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
घटनास्थल पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस तथा अन्य तकनीकी विशेषज्ञों की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। टनल के भीतर मलबा और पानी की चुनौती के बीच अभियान सावधानीपूर्वक चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी सहायता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लगातार जारी रखा गया है।

