
पौड़ी(आरएनएस)। शनिवार को जिलाधिकारी डा.आशीष चौहान ने एनआईसी कक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में डीएम ने नशे में वाहन चलाने वाले व ओवर लोडिंग करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शनिवार को आयोजित बैठक में डीएम ने रोड सेफ्टी को लेकर एक कमेटी का गठन करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि इस कमेटी में ब्लाक स्तर के अफसर भी शामिल होंगे। यह कमेटी दुर्घटनाओं को कम करने के लिए मोटर मार्गों के असुरक्षित स्थानों को चिन्हित करेगी। डीएम ने आरटीओ, पुलिस और सभी एसडीएम को ओवर लोडिंग वाहनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डीएम ने शादियों के लिए बुक हुए वाहन स्वामियों को सेफ सफर एप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से करने को कहा। कहा कि रजिस्ट्रेशन नहीं करने वाले वाहन स्वामियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने पटवारियों को शादी में चलने वाले वाहनों के रजिस्ट्रेशन चेक करने के निर्देश दिए। बैठक में आरटीओ द्वारिका प्रसाद ने बताया कि शादियों में बुक टैक्सी-मैक्सी वाहन स्वामी सीधे सेफ सफर एप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। जबकि बसों को शादी से पूर्व आरटीओ कार्यालय से शादी के लिए अस्थाई परमिट लेना होगा और उसके बाद सेफ सफर एप के माध्यम से भी रजिस्ट्रेशन करना होगा। बैठक में एसडीएम दीपक रामचंद्र सेठ, अधिशासी अभियंता लोनिवि दिनेश बिजल्वाण आदि शामिल थे।

