
बागेश्वर(आरएनएस)। शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने और शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए व्यवस्था के तहत अन्य विद्यालयों और कार्यालयों में तैनात शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनके मूल विद्यालयों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा के निर्देश पर उप शिक्षा अधिकारी कपकोट ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। विभाग के अनुसार लंबे समय से कई शिक्षक अपने मूल विद्यालयों के बजाय अन्य विद्यालयों और कार्यालयों में व्यवस्था के तहत कार्यरत थे। इससे उनके मूल विद्यालयों में शिक्षकों की कमी बनी हुई थी और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इसे देखते हुए सभी अस्थायी संबद्धीकरण समाप्त कर संबंधित शिक्षकों को मूल तैनाती स्थल पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं।उप शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह कर्णवाल ने कहा कि जिन शिक्षकों और कर्मचारियों को मूल विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के आदेश जारी किए गए हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से अपने मूल विद्यालय में उपस्थित होना होगा। आदेशों की अवहेलना करने पर संबंधित कर्मचारी का वेतन रोका जाएगा और विभागीय नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षकों की रिपोर्ट समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना सक्षम अनुमति के कोई भी शिक्षक अन्य विद्यालय या कार्यालय में कार्यरत न रहे।
