
देहरादून। मोबाइल की दुकान से कीमती मोबाइल फोन चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी किए गए आठ आई फोन और चोरी हुए अन्य मोबाइल उपकरण बरामद हुए हैं। धारा चौकी इंचार्ज आशीष रावत ने बताया कि फरद सिद्दकी निवासी लोअर अधोईवाला ने 20 सितंबर को केस दर्ज कराया। कहा कि उसकी राज प्लाजा स्थित मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर अंदर से कई मोबाइल फोन और अन्य उपकरण चोरी किए गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। रविवार रात चोरी के आरोपी को आरजीएम प्लाजा चकराता रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान विशाल थापा (20) हाल निवासी गुच्चूपानी स्थित किराये का फ्लैट, मूल निवासी बिरनाड, त्यूनी के रूप में हुई। आरोपी से चोरी किया गया काफी सामान बरामद हो गया है। वारदात में प्रयुक्त दुपहिया भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। आरोपी बेरोजगार और नशे का आदी बताया जा रहा है।

