
हरिद्वार(आरएनएस)। जगजीतपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने मांगों को लेकर धरना बुधवार को दूसरे दिन जारी रखा। मेडिकल के छात्र-छात्राओं ने कक्षा का बहिष्कार करते हुए कॉलेज के गेट पर मांगों को लेकर धरना दिया। छात्रों ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन ने कुछ मांगों को लेकर आश्वासन दिया है लेकिन लैब के उपकरण, प्रोजेक्टर जैसी मुख्य मांगों पर कोई सकारात्मक आश्वासन नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रबंधन जब तक उनकी मुख्य मांगों को लेकर ठोस आश्वासन नहीं देता तब तक धरना जारी रहेगा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को लैब में आवश्यक उपकरणों की मांग, जलापूर्ति सुचारु करने, खराब पड़े प्रोजेक्टर को ठीक कराने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू किया था। बुधवार को मेडिकल छात्र-छात्राओं का धरना दूसरे दिन जारी रहा। नाम न छापने की शर्त पर छात्राओं ने बताया कि हॉस्टल के एक ब्लॉक में पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं है। छात्रों को जूनियर छात्रों के हॉस्टल से पानी भरने को मजबूर होना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है दूसरे वर्ष में प्रैक्टिकल शुरू हो चुके हैं लेकिन प्रैक्टिकल के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। इसका असर पढ़ाई पर पड़ रहा है। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने कुछ मांगों को जल्द पूरी करने का आश्वासन दिया है। लैब उपकरण, प्रोजेक्टर, पेयजल आपूर्ति के विषय में ठोस आश्वासन नहीं दिया है। छात्रों का कहना है कि ठोस आश्सवासन मिलने के बाद ही धरना और कक्षा का बहिष्कार स्थगित किया जाएगा।

