
अल्मोड़ा। डॉ. आर.एस. टोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल की ओर से अल्मोड़ा नगर निगम के महापौर एवं सभी 40 वार्डों के पार्षदों के लिए दो दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को नगर निगम की कार्यप्रणाली, अधिकारों, दायित्वों तथा वित्तीय एवं वैधानिक प्रक्रियाओं की जानकारी देना था। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर अजय वर्मा ने किया। अकादमी के अपर कार्यक्रम निदेशक अनूप बमोला ने बताया कि प्रशिक्षण में नगर निगम की संरचना, महापौर, नगर आयुक्त और पार्षदों की भूमिका एवं उत्तरदायित्व, वित्तीय प्रबंधन, राजस्व वृद्धि, वार्ड बजट निर्माण, राजकीय अधिप्राप्ति नियमावली-2025, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम आवास योजना सहित विभिन्न केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 तथा सर्वोच्च न्यायालय के नवीन निर्णयों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान मीता उपाध्याय ने नगर निगम की संरचना एवं जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर, जबकि कोषाधिकारी सतीश चंद्रा ने वित्तीय प्रबंधन और वार्ड बजट निर्माण पर जानकारी दी। समापन अवसर पर सभी पार्षदों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। महापौर अजय वर्मा ने कहा कि इस प्रशिक्षण से जनप्रतिनिधि अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों को अधिक प्रभावी और नियमसंगत ढंग से संचालित कर सकेंगे। वहीं अनूप बमोला ने बताया कि अकादमी भविष्य में भी ऐसे आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को प्रशिक्षण का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।

