
अल्मोड़ा। मौसम विभाग की ओर से भारी वर्षा एवं संभावित प्राकृतिक आपदा की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपद में आगामी एक सप्ताह तक सभी विभागीय बैठकें, समीक्षा बैठकें, शिविर तथा बीडीसी बैठकें स्थगित रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहकर संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
रविवार को नवीन कलक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित आपदा प्रबंधन समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए सभी विभागों का फील्ड में सक्रिय रहना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभागवार आपदा प्रबंधन की तैयारियों, संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की स्थिति, राहत एवं बचाव दलों की उपलब्धता, जेसीबी, पोकलैंड, डंपर सहित आवश्यक मशीनरी, मानवबल तथा अन्य संसाधनों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विद्युत, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सेवाएं निर्बाध बनाए रखने और किसी भी व्यवधान की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को 24×7 सक्रिय रखने तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आपदा नियंत्रण कक्ष के साथ सतत समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील स्तर पर गठित आईआरएस, आईआरटी एवं क्यूआरटी में नामित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्ण सतर्कता बनाए रखें।


