

अल्मोड़ा। राजकीय प्राथमिक विद्यालय मटीलाधूरा में शनिवार को मातृ दिवस उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। रविवार को अवकाश होने के कारण विद्यालय परिवार ने मातृ दिवस कार्यक्रम का आयोजन एक दिन पहले किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत के साथ हुआ। विद्यालय में उपस्थित माताओं और अभिभावकों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने माताओं के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें नृत्य, कविताएं और भाषण शामिल रहे। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के त्याग, स्नेह और ममता को दर्शाया। विद्यालय के नन्हे बच्चों द्वारा तैयार किए गए ग्रीटिंग कार्ड आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने चित्रों और संदेशों के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान मातृ दिवस विषय पर विशेष दीवार पत्रिका भी प्रकाशित की गई, जिसमें प्रेरणादायक विचार, कविताएं और चित्र शामिल किए गए। बच्चों की चित्रकला प्रदर्शनी की भी सराहना की गई। विद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम में उपस्थित माताओं को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की। बच्चों की प्रस्तुतियां देखकर कई अभिभावक भावुक नजर आए। प्रधानाध्यापक भास्कर जोशी ने कहा कि मां परिवार की आधारशिला होने के साथ बच्चों की प्रथम गुरु भी होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता का सम्मान करने और उनके संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

