
अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य से संबंधित सुझाव और शिकायतों पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित प्रकाशन सुनिश्चित करने के लिए सभी राजनीतिक दलों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही अधिक से अधिक मतदाताओं को ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया गया। युक्ता मिश्र ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों को पारदर्शी और त्वरित बनाने में ऑनलाइन माध्यम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी दलों से निष्पक्ष एवं सहयोगात्मक रवैया अपनाते हुए अभियान को सफल बनाने की अपेक्षा की जाती है। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
