
अल्मोड़ा। सोमेश्वर क्षेत्र की 100 प्रतिशत दिव्यांग महिला पूजा भंडारी के पुनर्वास और बेहतर देखभाल के लिए जिला प्रशासन और अल्मोड़ा पुलिस ने संयुक्त पहल करते हुए उन्हें वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया है। इस प्रयास में स्थानीय ग्रामीणों, समाजसेवियों और स्वास्थ्य विभाग का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। जानकारी के अनुसार ग्राम ककराड़, पोस्ट मनान निवासी पूजा भंडारी अपने माता-पिता और भाई-बहनों के अभाव में अकेले जीवन यापन कर रही थीं। विशेष परिस्थितियों में रह रही पूजा को स्थानीय ग्रामीणों, समाजसेवी महिला-पुरुषों तथा स्वास्थ्य विभाग की एएनएम कर्मियों द्वारा लगातार सहयोग और देखभाल प्रदान की जा रही थी। उन्हें संगीत से विशेष लगाव है और वह मधुर स्वर में गीत भी गाती हैं। ग्रामीणों ने पूजा भंडारी के बेहतर भविष्य और समुचित देखभाल की आवश्यकता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस से सहायता की मांग की थी। इसके बाद संबंधित विभागों के समन्वय से उन्हें वन स्टॉप सेंटर, अल्मोड़ा में दाखिल कराया गया, जहां उनकी देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। आगामी प्रक्रिया के तहत उन्हें महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र, देहरादून भेजा जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर संरक्षण, उपचार और पुनर्वास की सुविधाएं मिल सकें। इस पहल में समाजसेवी धीरज पांडे निवासी रनमन, सोमेश्वर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर पूजा भंडारी के पुनर्वास के लिए लगातार प्रयास किए। स्थानीय समाजसेवियों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का भी इस कार्य में उल्लेखनीय योगदान रहा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद और कमजोर वर्गों की सहायता करना भी पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।
