
अल्मोड़ा। महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अल्मोड़ा पुलिस ने डीनापानी स्थित हैंडलूम केंद्र में महिलाओं और कर्मचारियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत प्रभारी महिला कोतवाली जानकी भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान अपर उपनिरीक्षक बीना दोसाद, महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी और अनीता सैनी भी मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने महिलाओं को डिजिटल अरेस्ट, साइबर ठगी और अन्य ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति फोन, व्हाट्सएप या वीडियो कॉल के माध्यम से स्वयं को पुलिस, सीबीआई, ईडी अथवा किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर डराने या धन की मांग करने का प्रयास करे तो तत्काल सतर्क होकर इसकी सूचना पुलिस को दें। कार्यक्रम में सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड रखने, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह भी दी गई। इसके अलावा महिलाओं को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उनके अधिकारों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। पुलिस ने यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया। इस दौरान डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी साझा की गई।
