
देहरादून(आरएनएस)। एक सिरफिरे युवक ने अपनी पुरानी दोस्त की शादी तय होने पर उसके परिवार और मंगेतर को जान से मारने की धमकी दे डाली। लगातार मिल रही धमकियों से सहमी युवती की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने रविवार को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में खुड़बुड़ा क्षेत्र की रहने वाली एक 25 वर्षीय युवती ने बताया कि धामावाला निवासी राहुल वैद उर्फ मन्नी करीब 5-6 साल पहले उसके संपर्क में था। पिछले 4-5 वर्षों से युवती का राहुल से कोई संपर्क नहीं है। अब युवती की शादी तय होने पर आरोपी पीड़िता, उसके परिवार और मंगेतर को लगातार धमका रहा है। पीड़िता के अनुसार बार-बार मना करने और समझाने के बावजूद आरोपी लगातार फोन करके परेशान कर रहा है। आये दिन मिल रही इन धमकियों के कारण पूरा परिवार दहशत में है। इंस्पेक्टर कोतवाली हरिओम राज चौहान ने बताया कि शिकायत पर आरोपी राहुल वैद के खिलाफ धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

