
चमोली(आरएनएस)। विकासखंड के तटेश्वर महादेव मंदिर परिसर के शिव मंदिर में मूर्ति चोरी मामला प्रकाश में आया है। मामले में मंदिर के सहायक महंत और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर के सहायक महंत राजेश नाथ ने बताया कि गुरुवार सुबह जब वो मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो शिव मंदिर के महादेव का छत्र, राधा-कृष्ण के मंदिर से गोपाल जी की मूर्ति और सिंहासन सहित दो दर्जन से अधिक तांबे के लोटे और बर्तन, भेंट-चढ़ावा चोरों ने चुरा लिया। बताया कि सूचना पर घटना की रिपोर्ट ग्राम प्रधान राखी डिमरी, क्षेपंस संदीप डिमरी, मंदिर के सहायक महंत राजेश नाथ सहित ग्रामीणों ने थाना पुलिस कर्णप्रयाग मे दर्ज कराई है। जिस पर घटना का निरीक्षण करने पहुंचे एसएसआई पंकज कुमार ने बताया कि मंदिर मे हुईं चोरी की घटना की गहनता से जांच कर अज्ञात चोरों की धर पकड़ जल्द कर दी जाएगी। इधर डिम्मर-उमट्टा पंचायत के सरपंच विजयराम डिमरी, हर्षवर्धन डिमरी, अशोक डिमरी, सत्य प्रसाद खंडूड़ी, रविंद्र खंडूड़ी, हरीश डिमरी, संतोष डिमरी, संदीप डिमरी आदि ने कहा कि क्षेत्र मे बाहरी फेरी-फड़ वाले और नेपाली मजदूरों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से सिमली पुलिस चौकी में एसआई और पर्याप्त पुलिस के जवानों की तैनाती कर रात्रि गस्त बढ़ाने की मांग की है।

