

हल्द्वानी(आरएनएस)। मल्ली बमौरी क्षेत्र में सीवर लाइन और सड़क निर्माण के अधूरे कार्यों के बीच पेयजल लाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने सोमवार को उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) कार्यालय का घेराव कर रुके हुए कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। पार्षद मुकुल बल्यूटिया के नेतृत्व में यूयूएसडीए कार्यालय का घेराव करने पहुंचे लोगों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। पार्षद बल्यूटिया ने कहा कि क्षेत्र की मुख्य पेयजल लाइन को शिफ्ट किया जा रहा है, जिससे हजारों परिवारों के सामने जल संकट गहरा सकता है। प्रदर्शनकारियों ने एक सुर में इस फैसले का विरोध किया।
स्थानीय निवासी विनोद दानी ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष से पेयजल, सीवर और सड़क का काम अधर में लटका है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन देकर चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर जीवन चंद्र तिवारी, सुमित जोशी, आरएस जलाल, एसएन पांडे, दीवान सिंह, ललित, दीवान सिंह अधिकारी, नीरज जोशी, हितेश सुयाल और नवल भट्ट सहित कई लोग मौजूद रहे।

