
अल्मोड़ा। सल्ट विकासखंड की ग्रामसभा मैठाणी में चामुंडा अस्पताल, काशीपुर के संस्थापक डॉ. यशपाल रावत के नेतृत्व में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और उपचार प्रदान किया। शिविर में हड्डी रोग, चर्म रोग और महिला रोग विशेषज्ञों ने सेवाएं दीं। इस दौरान लगभग 250 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने सिरदर्द, जुकाम, उल्टी-दस्त सहित विभिन्न सामान्य एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित परामर्श दिया तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता परम कांडपाल ने किया। ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए इसे दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। शिविर में वरिष्ठ सर्जन डॉ. विनय उपाध्याय, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र तोमर, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. नूपुर सिन्हा, विनोद कुमार भट्ट, रविंद्र सिंह चौहान सहित अनेक स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
