
नई टिहरी(आरएनएस)। चंबा-धरासू हाईवे पर कमांद कोटीगाड में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वित्तीय सहयोग से महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु अस्थाई आउटलेट कैनोपी आवंटित की गई। एनआरएलएम की अध्यक्ष बबली भट्ट और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक कमांद के शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि यात्रा मार्ग पर कैनोपी पर महिला समूह की ओर से बुरांश, माल्टा जूस, नींबू पानी, जल जीरा, लस्सी, छांछ, पहाड़ी नमक, पुलम, आडू, सेब आदि बिक्री की जाएगी। जिसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। बैंक के सहायक प्रबंधक शुभम कुमार दुबे ने महिलाओं को स्वरोजगार एवं वित्तीय जागरूकता के लिए प्रोत्साहित किया। एनआरएलएम के अध्यक्ष बबली ने कहा कि महिलाओं की आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इस मौके पर अतोला देवी, सुनीता देवी,मीना देवी, पूजा देवी आदि मौजूद थे।

