
रुद्रपुर(आरएनएस)। रुद्रपुर के कीरतपुर क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। पिता ने रात एक बजे डायल 112 पर जानकारी दी। जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय मुन्नी पांडे पत्नी हरीश चंद्र पांडे निवासी कीरतपुर की मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मुन्नी का विवाह करीब साढ़े तीन वर्ष पहले धौलादेवी ब्लॉक, अल्मोड़ा निवासी हरीश चंद्र पांडे से हुआ था। उनका दस माह का बेटा गौतम भी है। वह अपने सास-ससुर और पति के साथ कीरतपुर में करीब डेढ़ सालों से रह रही थी।पति मुरादाबाद में निजी नौकरी करता है। मूल रूप से दनिया, अल्मोड़ा निवासी मृतका के पिता मोहन चंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि शादी के छह माह बाद मारपीट होने पर मुन्नी मायके लौट आई थी, लेकिन समझौते और माफी के बाद उसे वापस ससुराल भेज दिया गया। इसके बाद भी सास द्वारा दहेज को लेकर ताने दिए जाते रहे। पिता ने आरोप लगाया कि सास-ससुर ने उनकी बेटी को जहर देकर मार दिया है। बताया कि मंगलवार की सुबह पति अपने काम से मुरादाबाद चला गया था और ससुर शाम चार बजे कहीं चले गए थे। घर पर सिर्फ मुन्नी उसकी सास और उनकी तीन बेटियां, दामाद और उनके बच्चे ही मौजूद थे। इसी बीच मुन्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पिता ने बताया कि देर रात उन्हें सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस को 112 पर कॉल कर बेटी की हत्या किए जाने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। चूंकि शादी के अभी सात वर्ष पूरे नहीं हुए थे, इसलिए पोस्टमार्टम तहसीदार की उपस्थिति में पैनल द्वारा किया गया। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
