
पिथौरागढ़(आरएनएस)। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर नगर के एक होटल में एनएमओपीएस पदाधिकारियों और शिक्षक-कर्मचारियों की बैठक हुई। बैठक में 13 सितंबर को देहरादून में प्रस्तावित महारैली और मुख्यमंत्री आवास घेराव की तैयारियों पर चर्चा की गई। रविवार को एक होटल में हुई बैठक में जनपद के प्रत्येक विभाग और विद्यालय से शिक्षक-कर्मचारियों की महारैली में भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। रैली में शामिल होने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार कर जिला कार्यकारिणी को उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। एनएमओपीएस पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली शिक्षक-कर्मचारियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।महारैली में पिथौरागढ़ की मजबूत भागीदारी के जरिए सरकार तक मांग को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। बैठक के बाद अशोक सिंह ठकुराठी को जनपदीय कोषाध्यक्ष और मनोज वर्मा को जनपदीय कार्यालय मंत्री व मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया। इस दौरान राजकीय शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह रावल, एनएमओपीएस जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र लुंठी, महासचिव मोहित सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह ठकुराठी, फार्मेसी अधिकारी एसोसिएशन अध्यक्ष केएस अधिकारी, नर्सिंग एसोसिएशन जिला महामंत्री दीपा रावत, पीडब्ल्यूडी अध्यक्ष ललित शर्मा, नीरज जोशी, संजय जोशी और गौरव कुमार पंत समेत अन्य पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

