
अल्मोड़ा। एसएसबी स्वयं सेवक कल्याण समिति ने गुरिल्लों की लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर 29 जुलाई से पुनः आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। संगठन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजने के साथ ही मुख्य सचिव आनंद वर्धन, गृह सचिव शैलेश बगोली तथा शासन के विभिन्न अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मांगों के समाधान की मांग की है। समिति के केंद्रीय अध्यक्ष ब्रह्मानंद डालाकोटी, जिलाध्यक्ष शिवराज बनौला और प्रवक्ता अनिल भट्ट ने बताया कि संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में मुख्य सचिव से मुलाकात कर गुरिल्लों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि 20 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में गुरिल्लों के समायोजन के लिए विभिन्न विभागों में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है। ज्ञापन में कहा गया है कि आपदा प्रबंधन, लोक निर्माण विभाग तथा स्वैच्छिक आपदा प्रबंधन बल के गठन से संबंधित पूर्व में जारी शासनादेशों पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। संगठन का आरोप है कि गुरिल्लों की मांगों की समीक्षा के लिए समय-समय पर बैठकें आयोजित करने के मुख्यमंत्री के निर्देशों का भी पालन नहीं हुआ। समिति ने शासन से शीघ्र समीक्षा बैठक बुलाने, संबंधित शासनादेशों में आवश्यक संशोधन करने तथा जीवित एवं मृत गुरिल्लों के आश्रितों के लिए ठोस योजना तैयार करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 29 जुलाई से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।


