
रुद्रपुर(आरएनएस)। ग्राम भरौनी मार्ग पर बाइक लूटने के आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर दी और तलवारों से हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी दो राउंड फायर किए। इसके बाद चारों आरोपी खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने मुख्य आरोपी के पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने लूटी गई बाइक बरामद कर ली है और फरार आरोपियों की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। लामाखेड़ा निवासी अरुण सिंह राणा पुत्र रमेश सिंह राणा के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह बाइक से पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। भरौनी के पास रास्ते में गुरमीत सिंह पुत्र मोहन सिंह और उसके एक साथी ने उनकी गर्दन पर तलवार रखकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक लूट ली। घटना की सूचना मिलने पर एसआई ललित चौधरी, एएसआई राकेश रौंकली, किरण कुमार और अशोक बोरा मौके पर पहुंचे। अरुण सिंह ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपी भरौनी गांव की ओर भागे हैं। इसके बाद पुलिस टीम गुरमीत सिंह के घर पहुंची। पुलिस के अनुसार, घर के आंगन में दो बाइक खड़ी थीं और वहां गुरमीत सिंह, उसका भाई मक्खन सिंह, पिता मोहन सिंह और एक अन्य व्यक्ति मौजूद था। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। गुरमीत सिंह घर के अंदर से तलवार लेकर आया और उसके साथी ने हाथ में पाटल ले लिया। चारों ने मिलकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसी दौरान गुरमीत सिंह ने कमर से तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायर कर दिया, लेकिन गोली मिस हो गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में पिस्टल से दो राउंड फायर किए, जिसके बाद चारों आरोपी खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने खेत में छिपे गुरमीत सिंह के पिता मोहन सिंह को पकड़ लिया, जबकि गुरमीत सिंह, उसका भाई मक्खन सिंह और एक अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने डीसीआर को सूचना देकर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। इसके बाद कोतवाल सुंदरम शर्मा, एसआई पंकज कुमार, वीरेंद्र, जितेंद्र, तरुण, कपिल और नरेंद्र की टीम ने कॉम्बिंग अभियान शुरू किया। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

