
हल्द्वानी(आरएनएस)। दोनहरिया में सड़क हादसे में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने हल्द्वानी यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा को लाइन हाजिर कर दिया है। दिनदहाड़े नो एंट्री जोन में ट्रक के घुसने के बाद हादसे की गाज टीआई पर गिरी। दोनहरिया-पनचक्की सड़क पर रविवार दोपहर एक ट्रक ने नो एंट्री के दौरान घुसकर स्कूटी सवार रिटायर कृषि वैज्ञानिक 69 वर्षीय सुरेश पांडे को कुचल दिया था। मौके पर उनकी मौत हो गई थी। जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए थे। लोगों का कहना था कि भारी वाहनों की इस सड़क पर दिनदहाड़े एंट्री ही नहीं है तो ट्रक कैसे आ गया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला लापरवाही का है। यातायात निरीक्षक ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू करने में विफल रहे। कहा कि तत्काल प्रभाव से टीआई को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात अन्य यातायात पुलिस कर्मियों से जवाब मांगा जा रहा है। जांच में दोषी पाए जाने पर अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। एसएसपी ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच एसपी सिटी मनोज कत्याल को सौंपी गई है।

