
रुद्रपुर(आरएनएस)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें विद्यालय की रूपरेखा और विभिन्न शैक्षणिक एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बुधवार को आयोजित बैठक में प्राचार्य त्रिभुवन प्रकाश आर्य ने एजेंडा बिंदुओं को प्रस्तुत किया। सर्वप्रथम विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों पर चर्चा की गई। प्राचार्य ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का दूसरा बैच कक्षा दसवीं की सीबीएसई परीक्षा में शामिल होने जा रहा है। बैठक में पीएम श्री योजना के अंतर्गत किए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई। इन कार्यों की जानकारी पीपीटी के माध्यम से विस्तारपूर्वक दी गई। प्राचार्य ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन मुख्यालय, नई दिल्ली से कक्षा 2 से 5 तक अतिरिक्त वर्गों के संचालन के साथ ही कक्षा 12वीं में वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय की कक्षाएं प्रारंभ करने की अनुमति मिल गई है। एक अन्य महत्वपूर्ण बिंदु में विद्यालय को सातवें चरण में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय श्रेणी में शामिल किए जाने की जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत विद्यालय में विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। शीघ्र ही खटीमा का यह विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। बैठक की अध्यक्षता नामित अध्यक्ष एवं एसडीएम तुषार सैनी ने की। संचालन अनिल सिंह बिष्ट ने किया। बैठक में अभिभावक सदस्य दीपक जोशी, गीतिका देवी, शिक्षाविद् रमेश, एमएल सरोज, डॉ. संदीप मिश्रा, हरप्रीत कौर, शैलेंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

