
चमोली। बदरीनाथ हाईवे पर एक होटल के कमरे में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का लॉक तोड़कर शव को कब्जे में लेकर उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग को सूचित किया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जितेंद्र प्रसाद (32वर्ष) पुत्र बालेन्द्र दत्त निवासी भद्रासू लिंग्वाना, हिंडोलाखाल जनपद-टिहरी गढ़वाल ने बदरीनाथ नेशनल हाईवे के नजदीक सोमवार को एक होटल में कमरा लिया था। लेकिन मंगलवार शाम तक जब व्यक्ति ने कमरा नहीं छोड़ा तो होटल संचालक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का लॉक तोड़कर जब दरवाजा खोला तो उन्होंने देखा की व्यक्ति कमरे की बेड की चादर से बाथरूम के रोशनदान से फांसी लगाकर लटका हुआ है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर उपजिला चिकित्सालय को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। और कमरे की तलाशी शुरू की। थानाध्यक्ष राकेश गुसाईं ने बताया कि इस दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। जिसमें मृतक ने मौत का जिम्मेदार स्वयं को बताया। कमरे की तलाशी पर मिले कागजात और मोबाइल नंबर के जरिए उन्होंने युवक के परिजनों और हिंडोलाखाल पुलिस चौकी से सम्पर्क किया। थाना प्रभारी राकेश गुसाईं ने बताया कि युवक के परिजनों द्वारा हिंडोलाखाल चौकी में 14 नवंबर को युवक की गुमसुदगी की तहरीर दर्ज कराई है। बताया कि युवक किसी को बिना कुछ बताए घर से 12 नवंबर को कही चला गया था। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

