
रुड़की(आरएनएस)। लंढौरा रोड पर टाटा कांटे के पास रविवार दोपहर एक कबाड़ी के गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे गोदाम में रखा लाखों रुपये का कबाड़ जलकर खाक हो गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मोहल्ला बंदरटोल निवासी इकराम कुरैशी का लंढौरा रोड पर टाटा कांटे के समीप कबाड़ का गोदाम है। रविवार दोपहर अचानक गोदाम से धुएं का गुबार उठने लगा। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक तेज हवाओं के कारण आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार देखा गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा प्लास्टिक और अन्य कीमती कबाड़ जलकर राख हो चुका था। गोदाम स्वामी को अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। संदिग्ध परिस्थितियों में लगी इस आग को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

