

अल्मोड़ा। लमगड़ा विकासखंड के जलना-तुलेड़ी मोटर मार्ग पर चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के चलते यह मार्ग 8 अगस्त से 14 अगस्त तक यातायात के लिए बंद रहेगा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर मार्ग बंद करने की अनुमति प्रदान करते हुए सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से जलना-तुलेड़ी मोटर मार्ग के किमी 1 पर क्षतिग्रस्त दीवार और कम चौड़ाई वाले हिस्से में पहाड़ कटान कर मार्ग चौड़ा करने का कार्य किया जाना है। मशीनों के माध्यम से होने वाले इस कार्य के लिए मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करना आवश्यक है। उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि कार्य शुरू होने से पहले बंद मार्ग के दोनों ओर कर्मचारियों की तैनाती की जाए। साथ ही मार्ग बंद रहने संबंधी सूचना वाले बैनर लगाए जाएं और वैकल्पिक मार्ग की जानकारी समय रहते स्थानीय लोगों एवं वाहन चालकों तक पहुंचाई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में मार्ग बंद करने संबंधी अनुमति को आवश्यकतानुसार संशोधित अथवा निरस्त किया जा सकता है।





