
अल्मोड़ा। श्रावणी मेले में जागेश्वर धाम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो सोमवार शाम जाख लीसा डिपो के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार शाम करीब 6:05 बजे नैनी रोड पर जाख लीसा डिपो के समीप बोलेरो (यूके-04-टीए-5525) अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को 108 एंबुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया गया।
हादसे में वाहन चालक सचिन बोरा (26), काजल कार्की (20), शिवम कार्की (20), विपिन सिंह (20), सोनू सिंह (18), अजय सिंह (18) और अंकित कार्की (18) घायल हुए हैं। इनमें अजय सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि सोनू सिंह प्राथमिक उपचार से पहले ही अपने घर चला गया। अन्य सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु जागेश्वर क्षेत्र के रहने वाले हैं और श्रावणी मेले के दौरान भगवान शिव के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जाख गांव के पास यह हादसा हो गया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा होना माना जा रहा है।

