
अल्मोड़ा(आरएनएस)। जनपद में पुरुष होमगार्ड स्वयंसेवकों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स नितिन काकेरवाल ने बताया कि होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देशों के तहत 30 जून 2026 तक रिक्त होने वाले 30 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 10 जून से 30 जून तक किसी भी कार्य दिवस में जिला कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय, पूर्वी पोखरखाली, जेल रोड, अल्मोड़ा से निःशुल्क आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र विभाग के फेसबुक पेज ‘होमगार्ड्स अल्मोड़ा’ से भी डाउनलोड किया जा सकता है। पूर्ण रूप से भरे गए आवेदन पत्र व्यक्तिगत रूप से अथवा डाक के माध्यम से कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 की रात्रि 11:59 बजे निर्धारित की गई है। अपूर्ण, त्रुटिपूर्ण, स्वप्रमाणित न होने वाले अथवा निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। व्यक्तिगत रूप से आवेदन जमा करने वाले अभ्यर्थियों को पावती दी जाएगी, जिसे शारीरिक नाप-जोख एवं दक्षता परीक्षा के समय प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। जिला कमांडेंट ने बताया कि भर्ती के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड अथवा संस्थान से हाईस्कूल उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अनारक्षित एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर, अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 157.5 सेंटीमीटर तथा पर्वतीय क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए 160 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष से कम और 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अन्य जानकारियां विभागीय फेसबुक पेज और जिला कमांडेंट कार्यालय से प्राप्त की जा सकती हैं।
