
अल्मोड़ा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस) हवालबाग तथा इसके कृषि विज्ञान केंद्रों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित राजभाषा नीति, नियम एवं वार्षिक कार्यक्रम विषयक कार्यशाला में भाग लिया। संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 69 अधिकारियों और कार्मिकों ने सहभागिता की।
कार्यशाला का समन्वयन आईसीएआर के संयुक्त निदेशक (राजभाषा) राम दयाल शर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि परिषद के सभी कार्यालयों, विशेष रूप से राजभाषा नियम 1976 के नियम 10(4) के अंतर्गत अधिसूचित न होने वाले कार्यालयों के लिए यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी कार्यालयों की सक्रिय भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया।
कार्यशाला में उप निदेशक (राजभाषा) सुनीता ने राजभाषा नीति और नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संसदीय राजभाषा समिति की निरीक्षण प्रश्नावली, राजभाषा अधिनियम 1963 की धारा 3(3) के अंतर्गत आने वाले दस्तावेजों, राजभाषा नियम 1976 के विभिन्न प्रावधानों तथा संविधान के राजभाषा संबंधी अनुच्छेदों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संस्थानों में राजभाषा नीति के प्रभावी अनुपालन के लिए जांच बिंदु विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने बताया कि राजभाषा नियम 1976 के नियम 12 के अनुसार कार्यालय प्रमुख की यह जिम्मेदारी है कि संस्थान में राजभाषा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
कार्यशाला के अंत में सहायक निदेशक (राजभाषा) मोनिका शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संस्थान स्तर पर कार्यक्रम का संयोजन प्रभारी अधिकारी (राजभाषा) रेनू सनवाल ने किया।
