
अल्मोड़ा। थाना लमगड़ा के थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने शनिवार को जैंती क्षेत्र में ग्राम प्रहरियों की बैठक लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच समन्वय मजबूत करने तथा अपराधों की रोकथाम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रहरियों से अपने-अपने गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, घटना अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ग्राम स्तर पर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही नशे से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में किरायेदार सत्यापन, बिना सत्यापन रह रहे बाहरी व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में आने वाले फेरीवालों के जिला पंचायत लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित कराने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इसके अलावा ग्राम प्रहरियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक रहने, नशे और ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने तथा क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सक्रिय सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
