
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में दो साल बाद फिर रैगिंग का मामला सामने आया है। दो दिन पहले इंटर्नशिप कर रहे डॉक्टर व दूसरे द्वाराहाट के डॉक्टर ने एमबीबीएस के छात्रों के साथ अभद्रता की। देर रात कमरे में बुलाने के बाद टी शर्ट फाड़ दी और मारपीट भी की। एंटी रैगिंग कमेटी के पास मामला पहुंचने के पर एक इंटर्न पर जुर्माना लगाया गया है और दूसरे के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीजी हेल्थ को लिखा गया है। मामला 11 सितंबर की रात का है। इंटर्न हॉस्टल में एक सीनियर डॉक्टर के कमरे में कथित तौर पर पार्टी चल रही थी। इसी समय इंटर्न छात्र व द्वाराहाट अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर ने पास के कमरे से ही एमबीबीएस तृतीय वर्ष के चार छात्रों को बुलाया। इसमें से तीन छात्रों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को शिकायत की है कि इंटर्न और डॉक्टर ने उन्हें देर रात अपने कमरे में बुलाया। उनके साथ अभद्रता की। एक छात्र की टीशर्ट फाड़ दी। मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। इस शिकायत पर सोमवार को पहले अनुशासन समिति की बैठक हुई। इसके बाद शाम को एंटी रैगिंग कमेटी बैठक में सभी के बयान लिए गए। कमेटी ने इसी कॉलेज से इंटर्नशिप कर रहे एक छात्र पर 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। दूसरे डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य महानिदेशक व सीएमओ अल्मोड़ा को लिखा गया है। इस दौरान प्राचार्य प्रो. सीपी भैंसोड़ा, एसडीएम विवेक राय, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, डॉ. जीएस तितियाल, डॉ. एके सिंह, डॉ. बीके द्विवेदी, डॉ. शहजाद, डॉ. श्रीरंजन काला, कुसुम दिगारी, दिनेश जोशी आदि शामिल रहे।

