
उत्तरकाशी(आरएनएस)। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार पूर्वाहन में गंगोत्री धाम सहित गोमुख ट्रैक में बर्फबारी शुरू हुई। साथ ही दोपहर बाद यमुनोत्री धाम सहित मोरी और जनपद के अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में साल की तीसरी बर्फबारी शुरू हो गई है। देर शाम तक गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में करीब आधा फीट बर्फ गिर चुकी थी। मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। रविवार सुबह से जनपद मुख्यालय सहित गंगोत्री यमुनोत्री धाम सहित पूरे जिले में घने बादल छाए हुए थे। पूर्वाह्न में पहले गंगोत्री धाम और गोमुख ट्रैक सहित नेलांग घाटी में बर्फबारी शुरू हुई। दोपहर बाद यमुनोत्री, मोरी के ऊंचाई वाले गांव और बुग्यालों में बर्फबारी जारी है। निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और बर्फीली हवाओं से तापमान में भारी गिरावट ला दी है। मौसम विभाग की चेतावनी पर जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से राजस्व, पुलिस, बिजली, जल और सड़क संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहकर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यह साल की तीसरी बर्फबारी है लंबे इंतजार के बाद हुई बर्फबारी से काश्तकारों की उम्मीदें अब बढ़ने लगी हैं। क्योंकि अच्छी बर्फबारी से खेतों की नमी लंबे समय तक बनी रहेगी। यह सेब, गेहूं, मटर सहित आडू-खुमानी आदि फसलों के लिए वरदान साबित होगी। साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी से जलस्रोत भी रिचार्ज होंगे।

