
रुड़की(आरएनएस)। क्षेत्र निवासी एक युवक ने अपनी मंगेतर का फर्जी यूसीसी विवाह पंजीकरण कराने का आरोप लगाते हुए लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में जालसाजी, धोखाधड़ी और डिजिटल माध्यम से दस्तावेजों के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।पुलिस को दी गई तहरीर में युवक ने बताया कि उसका रिश्ता इस वर्ष जनवरी में एक युवती से तय हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने उसे रिश्ता करने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में जुलाई 2025 में युवती के नाम से बना यूसीसी विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र भेज दिया गया।
पीड़ित के अनुसार जब यह प्रमाणपत्र युवती और उसके परिजनों को दिखाया गया तो उन्होंने इसकी शिकायत लक्सर कोतवाली में की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बिना युवती की जानकारी, सहमति और बिना किसी वास्तविक निकाह के फर्जी तरीके से यूसीसी विवाह पंजीकरण कराया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आधार ओटीपी और व्यक्तिगत दस्तावेजों का दुरुपयोग कर यह फर्जीवाड़ा किया गया। साथ ही समझौते के नाम पर अवैध धनराशि मांगने का भी आरोप लगाया गया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीन कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

