
अल्मोड़ा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल सहित विभिन्न खाड़ी देशों में बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोलियम और एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने इन सूचनाओं को निराधार बताते हुए आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जिला पूर्ति विभाग और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जनपद में घरेलू गैस (एलपीजी) की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के प्रावधानों के अनुसार सिंगल गैस सिलेंडर कनेक्शन की दूसरी बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिन का अंतर निर्धारित है। उपभोक्ता फोन या ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग करने के बाद ही डिलीवरी मैन के माध्यम से रिफिल प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आवश्यक सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को गैस आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी स्तर पर घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए जनपद स्तर पर एक त्वरित प्रतिक्रिया टीम गठित की गई है, जो गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की निगरानी करेगी।
इसके अतिरिक्त किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने एक आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या सूचना के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05962-237875, 05962-237874 तथा मोबाइल नंबर 7900433294 जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि पूर्ण होने के बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें और घबराहट में आकर अनावश्यक गैस बुकिंग न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नागरिकों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।


