
अल्मोड़ा। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को शक्ति सदन में संपन्न हुई। बैठक में संघ के सदस्यों ने पुरानी पेंशन बहाली, गोल्डन कार्ड योजना की विसंगतियों सहित दस सूत्रीय मांगों को लेकर गंभीर चिंता जताई और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से मांगों को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता और राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल न होना और गोल्डन कार्ड से संबंधित तकनीकी खामियां कर्मचारियों को लगातार परेशान कर रही हैं। बैठक में बेलदारों की भारी कमी, पदोन्नति के लिए अलग गैलरी की व्यवस्था, सभी अभियंत्रण विभागों में समान सेवा नियमावली लागू करने, एक जनवरी 2014 के बाद नियुक्त कनिष्ठ अभियंताओं को दस वर्षों की सेवा के उपरांत 5400 ग्रेड पे दिए जाने, जल संस्थान और जल निगम के राजकीयकरण, फील्ड कर्मचारियों को बायोमैट्रिक उपस्थिति से छूट देने और नवनियुक्त कनिष्ठ अभियंताओं की शीघ्र प्रशिक्षण कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। संघ ने चेताया कि यदि मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आने वाले समय में आंदोलनात्मक रणनीति अपनाई जाएगी।

