
रुद्रपुर(आरएनएस)। धोखाधड़ी कर प्लॉट बेचने के आरोप में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक ही भूमि के हिस्से को दोबारा बेचने और जालसाजी का आरोप है। गुरुद्वारा मार्केट, लालकुआं निवासी हरमिंदर सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने वर्ष 2014 में सिरौली स्थित खसरा संख्या 80 अ-मिन में कमल गांधी पुत्र श्यामलाल गांधी से एक प्लॉट खरीदा था, जिस पर तब से उनका कब्जा है। आरोप है कि नगला, पंतनगर निवासी रामाशीष यादव पुत्र बचाऊ लाल यादव ने वर्ष 2013 में इसी खसरा संख्या में 5000 वर्गमीटर भूमि खरीदकर प्लॉटिंग की थी। प्लॉटों के सामने 30 फीट चौड़ा रास्ता रजिस्ट्री में दर्ज होने के बावजूद खतौनी में रास्ते का रकबा कम नहीं किया गया। आरोप है कि रामाशीष यादव ने धोखाधड़ी करते हुए हरमिंदर सिंह की भूमि को अपना बताकर लगभग 1000 वर्गमीटर भूमि बेच दी। शिकायत में अहमद यार खां, शकील अहमद, जुल्फिकार खां, अबरार और इंतजार पर भी धोखाधड़ी एवं जालसाजी के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, ग्राम गिद्धपुरी निवासी ताराचंद्र पुत्र नथरमल ने भी शिकायत दी है कि उन्होंने वर्ष 2022 में मीता धवन पत्नी तरुण धवन निवासी एनटीडी अल्मोड़ा से सुंदर बाग पैलेस, अब्बास कॉलोनी, सिरौली स्थित एक प्लॉट खरीदा था। कुछ दिन पहले कुछ लोगों ने उक्त प्लॉट को रामाशीष यादव से खरीदा होना बताकर उस पर दावा किया। कोतवाल रवि कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
