
अल्मोड़ा। द्वाराहाट पुलिस और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से द्वाराहाट क्षेत्र एवं मुख्य बाजार क्षेत्र में जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई। पुलिस ने युवाओं और आमजन से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया। इसके अलावा ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के जोखिम, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी भी दी गई। लोगों को किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया। रैली के दौरान भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) समेत नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं और उद्देश्यों की जानकारी भी दी गई, ताकि नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति अधिक जागरूक हो सकें।

