
अल्मोड़ा। अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत दन्या पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। अभियान के दौरान नागरिकों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर 12 जून से 26 जून तक जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में दन्या पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लोगों से संवाद स्थापित किया। पुलिस ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया। अभियान के दौरान जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए तथा सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाकर नशा उन्मूलन का संदेश प्रसारित किया गया। पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि यदि उनके संज्ञान में नशे से संबंधित कोई गतिविधि या अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी आती है तो इसकी सूचना तत्काल मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

