
अल्मोड़ा। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गरूड़ाबांज में धौलादेवी विकासखंड की ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता का विषय “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 : संभावनाएं और चुनौतियां” रहा, जिसमें विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तार्किक सोच के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिवेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा विज्ञान एवं तकनीक का उपयोग समाज और दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए करने का आह्वान किया।
ब्लॉक विज्ञान समन्वयक जीवन लाल साह एवं प्रवक्ता रेखा जोशी ने प्रतियोगिता का संचालन करते हुए विज्ञान संगोष्ठी के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रस्तुतीकरण एवं अभिव्यक्ति के आधार पर किया।
प्रतियोगिता में तनुजा (राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मकड़ाऊ) ने प्रथम, करन पाण्डे (राजकीय इंटर कॉलेज खेती) ने द्वितीय तथा चित्रा भट्ट (राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जागेश्वर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रोत्साहित करते हुए राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री नितेश कांडपाल ने अपनी ओर से प्रथम स्थान प्राप्त छात्रा को 501 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त छात्र को 251 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त छात्रा को 151 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, रचनात्मकता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर रमेश चन्द्र पाण्डे, नवनीत कुमार आर्या, हीरा सिंह, विवेक सुयाल, त्रिभुवन बिष्ट, लक्ष्मण सिंह रावत, रमेश लाल, जीवन लाल साह, नवीन कुमार, दीप्ति पन्त, पूनम, विनीता जोशी, मनीष कुमार, संतोष कुमार, मेघा मनराल, गुलरेज खान, हिमांशु भट्ट एवं रिषभ जंगपांगी सहित अनेक शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


