
रुद्रपुर(आरएनएस)। रविवार रात महाराणा प्रताप चौक के निकट हल्द्वानी रोड स्थित एक धार्मिक स्थल के गेट के सामने मांस के टुकड़े मिलने से हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही सीओ और कोतवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मंदिर के सामने स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर एक कुत्ते को वहां उल्टी करते देखा गया। यह जानकारी मिलने के बाद लोग शांत हो गये और पुलिस ने राहत की सांस ली। रविवार रात लगभग दस बजे धार्मिक स्थल के गेट के सामने मांस के कुछ टुकड़े सड़क पर पड़े देखे गए। इसकी सूचना मिलते ही हिन्दूवादी संगठन व अन्य लोग वहां जमा होने लगे। हिंदूवादी संगठनों ने अराजक तत्वों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाल प्रकाश सिंह दानू पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को जांच का भरोसा दिया। लेकिन संगठनों ने पुलिस से तीखी नोंकझोक करते हुए सड़क पर धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी। जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेन्द्र सिंह धौनी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मंदिर के सामने स्थित दुकान के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। कैमरे की फुटेज में एक कुत्ते को उल्टी में मांस के टुकड़े निकालते देखा गया। पुलिस ने यह बात प्रदर्शनकारियों से सांझा की। इसके बाद लोगों ने प्रदर्शन बंद कर दिया और पुलिस ने राहत की सांस ली। शांति व्यवस्था बनाए रखने को किया फ्लैग मार्च त्योहारी सीजन को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च किया। इसमें किच्छा कोतवाली और थाना पुलभट्टा का पुलिस बल शामिल रहा। फ्लैग मार्च कोतवाली से शुरू होकर स्टेशन रोड, महाराणा प्रताप चौक, पंजाबी मोहल्ला, बोरिंग गली और आवास विकास क्षेत्र से होते हुए वापस कोतवाली पहुंचकर समाप्त हुआ। सीओ धौनी ने कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फ्लैग मार्च में कोतवाल प्रकाश सिंह दानू, पुलभट्टा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मिश्रा समेत पुलिस बल शामिल रहा। माहौल खराब करने वालों पर होगी कार्रवाई: सीओ सोमवार को कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता में सीओ धौनी ने बताया कि रविवार रात सूचना मिली थी कि हल्द्वानी रोड स्थित एक धार्मिक स्थल के सामने मांस के टुकड़े पड़े हैं। जांच में सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट हुआ कि आवारा कुत्ते ने उल्टी में मांस के टुकड़े निकाले थे। सच्चाई सामने आने के बाद अधिकांश लोग शांत होकर लौट गए। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद त्योहार के दौरान माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले कुछ लोगों को चिह्नित कर नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।

