
छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, यातायात नियम और महिला अधिकारों की दी जानकारी
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपदभर में नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 सितंबर 2026 को दन्या पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज द्यूनाथल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महन्त के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक प्रकाश जोशी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, म्यूल अकाउंट, यातायात नियमों और महिला संबंधी अधिकारों की जानकारी दी।
बैंकिंग जानकारी साझा न करने की अपील
पुलिस ने म्यूल अकाउंट के संबंध में बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाता, एटीएम/डेबिट कार्ड, पासबुक, ओटीपी या अन्य बैंकिंग जानकारी साझा न करें और अपने खाते में संदिग्ध लेन-देन न होने दें। साइबर ठगी से बचने के लिए ओटीपी, पिन, पासवर्ड जैसी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की गई।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील
छात्र-छात्राओं से आसपास किसी अपरिचित या संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। साथ ही आपातकालीन स्थिति में 112 टोल फ्री नंबर पर सूचना देने की जानकारी भी दी गई।

