
रुद्रपुर। दिनेशपुर में एक मामले में दबिश देने गई एसओजी टीम पर हमला होने की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आसपास के थानों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए। हालांकि दिनेशपुर पुलिस के पहुंचने और मामला साथ होने पर फोर्स को मना कर दिया गया। वही हमले में एसओजी टीम के कुछ सिपाही मामूली रूप से घायल भी हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
खबर के अनुसार एसओजी की टीम किसी मामले को लेकर दिनेशपुर क्षेत्र में रहने वाले निरंजन नाम के एक व्यक्ति के घर में दबिश देने गई थी। इस दौरान उक्त व्यक्ति व उसके परिजन एसओजी टीम का विरोध करने लगे। वहीं विरोध बढ़ता देख आसपास के ग्रामीण भी एकत्रित हो गए और एसओजी टीम का विरोध करते हुए जमकर कहासुनी करने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान लोगों की टीम के साथ हल्की-फुल्की हाथापाई भी हुई।
इसी दौरान एक महिला पुलिसकर्मी के साथ लोगों ने अभद्रता भी की। इसके बाद कुछ लोगों के बीच बचाव व दिनेशपुर थाना पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ।
मामले में एसओजी द्वारा दिनेशपुर थाने में आरोपित व्यक्तियों को चिन्हित कर मुकदमा किया जायेगा। उधर पूरे मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ममता बोहरा ने बताया कि एसओजी टीम दिनेशपुर क्षेत्र में एक घर में किसी मामले को लेकर छापा मारने गई थी। वहां उसके घर के लोगों व ग्रामीणों में एसओजी टीम के साथ अभद्रता की। इस दौरान हल्की फुल्की धक्का-मुक्की हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।

