
रुड़की(आरएनएस)। क्षेत्र में साइबर अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला ग्राम नजरपुरा का है, जहां एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर अज्ञात ठगों ने न केवल बैंक खाते से नगदी साफ कर दी, बल्कि पीड़ित के नाम पर हजारों रुपये का लोन भी ले लिया। पीड़ित ने अब पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम नजरपुरा निवासी कंवरपाल ने पुलिस को बताया कि बीती 14 सितंबर को अचानक उनका मोबाइल नंबर बंद हो गया था। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य नेटवर्क की समस्या समझा, लेकिन अगले दिन भी सिम चालू न होने पर उन्होंने जानकारों से सलाह ली। सलाह के बाद उन्होंने 16 सितंबर को नया सिम निकलवाया। 17 सितंबर को जैसे ही पीड़ित का नया सिम सक्रिय हुआ, उनके मोबाइल पर संदेशों की झड़ी लग गई। संदेशों की जांच करने पर पता चला कि उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी हो चुकी है। जब उनका फोन बंद था, तब अज्ञात हैकर्स ने उनके नाम पर बजाज फाइनेंस कंपनी से 70,997 रुपये का लोन बुक करा लिया था। ठगी यहीं नहीं रुकी। जालसाजों ने पीड़ित के बैंक के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 35,697 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। इसके अलावा, 16 सितंबर को ही उनके बैंक खाते से 11,586 रुपये यूपीआई के माध्यम से पार कर दिए गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले को साइबर सेल के संज्ञान में भी लाया जा रहा है ताकि डिजिटल फुटप्रिंट्स के जरिए आरोपियों तक पहुंचा जा सके।


