
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को भतरोंजखान पहुंचकर रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल के भाई और भिकियासैंण के ब्लॉक प्रमुख रहे स्वर्गीय सतीश नैनवाल के पीपलपानी संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि सतीश नैनवाल सामाजिक सरोकारों से जुड़े सक्रिय जनप्रतिनिधि थे और उन्होंने क्षेत्र के विकास तथा जनसेवा में अहम योगदान दिया। उनके असामयिक निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए मुख्यमंत्री ने परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र और उप जिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

