
अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज खेती के विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए धौलादेवी विकासखंड में विद्यालय को प्रथम स्थान दिलाया है। विद्यालय के 13 विद्यार्थियों ने माध्यमिक स्तर की छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की है। प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा 7 जुलाई को आयोजित हुई थी, जबकि इसका परिणाम बुधवार को घोषित किया गया। इस परीक्षा के आधार पर विद्यार्थियों को मासिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। जूनियर वर्ग में कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों को क्रमशः 600, 700 और 800 रुपये प्रतिमाह, जबकि माध्यमिक वर्ग में कक्षा 9 के विद्यार्थियों को 900 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाती है। उन्होंने बताया कि जीआईसी खेती के सभी 13 सफल विद्यार्थी माध्यमिक वर्ग से हैं। चयनित विद्यार्थियों में सार्थक उप्रेती, भाष्कर पांडे, हिमांशु, कमल पांडे, पार्थ उप्रेती, रबीना, मोहित उप्रेती, शिवानी जोशी, कमला आर्या, यामिनी उप्रेती, अंजलि जोशी, प्रियांशु पांडे और लीला शामिल हैं। उपखंड शिक्षाधिकारी दीक्षा बेलवाल तथा पीटीए अध्यक्ष गोकुल पांडेय ने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने कहा कि जीआईसी खेती के 13 विद्यार्थियों का सीएम मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल होना विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित प्रयास और अभिभावकों की जागरूकता को देते हुए कहा कि इन्हीं के संयुक्त प्रयासों से विद्यालय पूरे विकासखंड में प्रथम स्थान हासिल करने में सफल रहा।


